महाराजा अग्रसेन की हुई जय जयकार

आगरा। धनौली से अर्जुन नगर तक का पूरा मार्ग शनिवार को महाराजा अग्रसेन के जयकारों से गूंज उठा। बैंडबाजों की धुन पर अग्रबंधुओं ने जमकर नृत्य किया। उनका जगह जगह पुष्प वर्षाकर स्वागत किया गया। इससे माहौल एक अलग ही आनंदमय हो गया।

श्रीअग्रसेन समाज समिति अर्जुन नगर खेरिया मोड़ की ओर से शाम 04:30 बजे से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सबसे आगे भोले बाबा के नंदी महाराज, शिव परिवार, नरसिंह, माता दुर्गा, यमुना मैया, बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ, श्रीराधा कृष्ण, खाटू श्याम, राम दरबार, भारत माता, पेड़ बचाओ अभियान, जल ही जीवन है समेत 23 झांकियों ने मन मोह लिया।

पीछे रथों में सवार महाराजा अग्रसेन के राजकुमार और राजकुमारियों के स्वरूप, महाराजा अग्रसेन का स्वरूप द्रुतकांत गोयल और महारानी माधवी की स्वरूप पूनम गोयल की आरती उतारी गई। घोड़ों पर सवार सैनिक, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद के स्वरूपों की आलौकिक छटा बिखेर रही थी। शोभायात्रा अग्रोहा धाम बने श्रीराम शांति सेवा सदन पर महाआरती के साथ समाप्त हुई। समाज के वृद्ध, मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता रहे बच्चो को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


इस दौरान समिति के अध्यक्ष अक्षय कुमार तायल, अखिलेश अग्रवाल, हरेश गोयल, संजय गोयल, पवन गोयल, भगवानदास अग्रवाल, सुशील गोयल, पवन सिंघल, रवि सिंघल, शुभम सिंघल, रामाशंकर अग्रवाल, नरेश गोयल, सुभाष चंद गोयल, खेमचंद गोयल, विकास गोयल आदि थे।

‘सौभाग्य से मिलता है महापुरूषों का स्वरूप’


खेरिया मोड़ निवासी द्रुतकांत गोयल उर्फ डीके पुत्र स्व. लखमीचंद गोयल मूलरूप से गढ़ी कालिया कागारौल के निवासी हैं। श्री अग्रसेन समाज सेवा समिति अर्जुन नगर खेरिया मोड़ की ओर से डीके गोयल और उनकी पत्नी पूनम गोयल को महाराज अग्रसेन और महारानी माधवी के स्वरूप धारण करने का सौभाग्य मिला है। हाईस्कूल पास 48 वर्षीय डीके गोयल ने मेहनत और निष्ठा से अपने परिवार को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। उनका 20 साल पहले वस्त्रों का प्रतिष्ठान था। अब रियल स्टेट के काम में जम गए हैं। पूनम गृहणी हैं। उनके बड़े बेटे निखिल सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। छोटे बेटे पीयूष गोयल का घर में ही टायर और बैटरी का शोरूम है। बेटी वंशिका एमबीए कर रही हैं। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। बड़ी पुत्रवधू वैभवी सरकारी विद्यालय में अध्यापक हैं। छोटी पुत्रवधू कीर्ति घर में ही सास पूनम का हाथ बंटाती हैं। डीके गोयल के खुशहाल भरेपूरे परिवार में महीने भर पहले एक नन्ही परी (पौत्री) की किलकारी ने चार चांद लगा दिए हैं।

NEWS BY PRAVEEN RAWAT –8273013515

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top