आगरा जिले के बल्हैरा गांव के एक युवक को 20 दिन पहले लाठी–डंडे, सरिया और ईंटों से कूंचकर मरणासन्न कर दिया था। वह अस्पताल से 3 दिन पहले ही गांव आया था। मंगलवार को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। कुछ ही देर में युवक ने दम तोड़ दिया। इससे मृतक के स्वजनों में रोष व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मलपुरा थाने के बल्हैरा गांव का 35 वर्षीय डोरीलाल लोधी पुत्र रोशनलाल 3 अक्टूबर को रात करीब 11:30 बजे घर आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही मनीष, बॉबी और गजेंद्र ने लाठी–डंडे और सरिया से हमला बोल दिया। हमलावर उसे पीट–पीटकर मरणासन्न कर भाग निकले थे। मामले की सूचना पर पुलिस और घायल के स्वजन पहुंच गए। घायल को अर्जुन नगर स्थित अस्पताल में भर्ती करा दिया। स्थिति नाजुक होने पर करीब 5 दिन बाद डोरीलाल को एसएन अस्पताल भेज दिया। वहां करीब 12 दिन उपचार होने के बाद शनिवार को डोरीलाल को घर भेज दिया। लेकिन मंगलवार को डोरीलाल की हालत फिर बिगड़ गई। दोपहर में उसने दम तोड़ दिया।

इससे मृतक के स्वजनों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने गांव में ही हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं उठने दिया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों को समझा पाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की तलाश में दबिश दी है।