आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में खेरिया मोड़ मार्ग पर शुक्रवार को रोडवेज की एक बस पुल से नीचे उतरते ही बेकाबू हो गई। इससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। सड़क पर चल रहे लोगों में भी अफरा तफरी मच गई। करीब 20 मीटर दूरी तय कर अनियंत्रित बस डिवाइड पर चढ़ गई। खैरियत यह रही कि बस दुकानों से मात्र आधा फुट दूर ही रुक गई।
घटना ईदगाह पेट्रोल पंप के सामने की है। सुबह 11 बजे के बाद ईदगाह डिपो की बस जयपुर के लिए निकली थी। उसमें तीन दर्जन से अधिक सवारी थी। पुल से नीचे उतरते ही बस बेकाबू हो गई। इससे मार्ग पर चल रहे अन्य वाहन सवार और पैदल यात्रियों में भगदड़ मच गई। बस करीब 20 मीटर आगे बढ़ते ही डिवाइडर पर चढ़ गई। यह देख डिवाइडर किनारे दुकानों में बैठे लोग भयभीत हो गए। वे दुकानें छोड़कर भाग निकले। बस दुकानों से मात्र आधा फुट दूर ही रुक गई। लोग भी घरों से बाहर निकल आए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सवारियां बस से उतरकर बाहर आ गई। वे अन्य वाहनों में बैठकर अपने गंतव्य के लिए चल दी। चालक और परिचालक भी फरार हो गए।
मामले की सूचना पर पुलिस और रोडवेज कर्मी पहुंच गए। उन्हें देख आसपास के लोगों ने हंगामा कर दिया। लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाया। मामले में तहरीर देकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानदारों ने शाहगंज की खेरिया मोड़ पुलिस चौकी पर तहरीर दी।